बद्रीनाथ में जन आक्रोश रैली आयोजन कर सरकार से लोगों ने चारधाम यात्रा बहाल करने की गुहार

चारधाम यात्रा खोलने की मांग, कहा- सभी पर्यटन स्थल खुले तो चारधाम पर क्यों रोक

भास्कर समाचार सेवा

जोशीमठ। बद्रीनाथ धाम में एक बार फिर जन आक्रोश रैली का आयोजन कर सरकार से लोगों ने चारधाम यात्रा बहाल करने की गुहार लगाई है। बता दें कि बद्रीनाथ धाम के साथ अन्य तीन धामों के कपाट खुले कई माह बीतने के बाद भी न्यायालय ने कोरोना का हवाला देते हुए चारधाम यात्रा पर रोक लगाई हुई है, लेकिन हक-हकूकधारी और पंडा समाज के साथ धाम से जुड़ा व्यापारी वर्ग निरंतर सरकार से यात्रा खोलने की गुहार लगा रहा है।

लोगों का कहना है कि जब फूलों की घाटी के साथ अन्य पर्यटन स्थल खोल दिए गए हैं तो फिर नारायण के द्वार पर ही ताला क्यों लगा हुआ है। शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम में लोगों ने टैक्सी स्टैंड से लेकर साकेत तिराहे तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जुलूस प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि यात्रा ना चलने की वजह से वे भुखमरी की कगार पर हैं और लोगों को आर्थिक संकट से दो-चार होना पड़ रहा है।

बद्री आंदोलन समिति के अध्यक्ष राजेश मेहता और ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित संघ के अध्यक्ष उमानंद सती ने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य न्यायालय तक जनता की आवाज को पहुंचाना है। निश्चित ही न्यायालय जन भावनाओं का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा बहाल करेगा। रैली के दौरान माणा, पांडुकेश्वर, बद्रीनाथ, बामणी गांव, लामबगड़ आदि कई गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।
The post बद्रीनाथ में जन आक्रोश रैली आयोजन कर सरकार से लोगों ने चारधाम यात्रा बहाल करने की गुहार appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.

Related Articles

Back to top button